रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून की रफ्तार फिलहाल सुस्त पड़ गई है, जिससे प्रदेश के मध्य इलाकों में गर्मी और उमस बढ़ गई है। राजधानी रायपुर में रविवार को बारिश नहीं होने से लोगों को दिनभर गर्म मौसम का सामना करना पड़ा। हालांकि सरगुजा और बस्तर संभाग के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई।
मौसम विभाग के अनुसार 13 जुलाई से प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में फिर तेजी आने की संभावना है। अगले पांच दिनों तक उत्तरी छत्तीसगढ़ के कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है। रायपुर में सोमवार को आकाश सामान्यतः मेघमय रहने, गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। रविवार को प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई। इस दौरान पेंड्रा रोड में सबसे अधिक 35.6 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने बताया कि मानसून द्रोणिका श्रीगंगानगर, हिसार, मेरठ, शाहजहांपुर, गोरखपुर, मुजफ्फरपुर होते हुए दक्षिण असम तक फैली हुई है। वहीं उत्तर-पूर्व बिहार और आसपास के क्षेत्रों में 3.1 किलोमीटर की ऊंचाई पर ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इन मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और वज्रपात की संभावना बनी हुई है। अगले दो दिनों के बाद प्रदेश के कई हिस्सों में वर्षा की गतिविधियों में और बढ़ोतरी हो सकती है।
