चेन्नई। साउथ सुपरस्टार थलापति विजय की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘जन नायकन’ को लेकर लंबे समय से चल रहा इंतजार अब खत्म हो गया है। सेंसर बोर्ड से मंजूरी मिलने के बाद फिल्म की रिलीज डेट भी तय हो गई है। हालांकि, मेकर्स के लिए यह सफर आसान नहीं रहा और फिल्म को सर्टिफिकेशन को लेकर काफी विवादों का सामना करना पड़ा।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘जन नायकन’ को सेंसर बोर्ड ने ए सर्टिफिकेट दिया है। इसका मतलब है कि, फिल्म को केवल 18 साल या उससे अधिक उम्र के दर्शक ही सिनेमाघरों में देख सकेंगे। ऐसे में विजय के फैंस को इस बार फिल्म का आनंद बच्चों के साथ लेने का मौका नहीं मिलेगा। फिल्म की रिलीज को लेकर मामला कोर्ट तक पहुंचा था।
मेकर्स ने सर्टिफिकेशन विवाद के खिलाफ कानूनी रास्ता अपनाया था, जिसके बाद यह मामला मद्रास हाई कोर्ट से होते हुए सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा। अब सभी बाधाओं के बाद फिल्म की रिलीज का रास्ता साफ हो गया है। विजय की इस फिल्म में पूजा हेगड़े भी अहम भूमिका में नजर आएंगी। फिल्म को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह बना हुआ है। जानकारी के अनुसार, ‘जन नायकन’ 24 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
