आरंग। आरंग विकासखंड की ग्राम पंचायत रीवा आज विकास कार्यों की नई सौगात पाने जा रही है। गांव में आयोजित भव्य कार्यक्रम के दौरान सांसद बृजमोहन अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर करोड़ों रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं भूमिपूजन करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंत्री गुरु खुशवंत साहेब करेंगे।
कार्यक्रम के तहत नवनिर्मित महतारी सदन, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में बनाए गए अतिरिक्त कक्ष एवं व्यवसायिक परिसर का लोकार्पण किया जाएगा। वहीं, अटल डिजिटल भवन का भूमिपूजन भी होगा। पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से वृहद वृक्षारोपण अभियान भी चलाया जाएगा, जिसमें जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की सहभागिता रहेगी।
इस आयोजन के माध्यम से शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, डिजिटल सुविधाओं और ग्रामीण विकास को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर ग्राम पंचायत रीवा में सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और बड़ी संख्या में ग्रामीणों के शामिल होने की संभावना है।
