रायपुर। राजधानी रायपुर के पंडरी कपड़ा मार्केट में नगर निगम ने अवैध कब्जे के खिलाफ कार्रवाई की है। निगम की टीम शुक्रवार को पंडरी स्थित प्रकाश होजरी होलसेल शॉप पहुंची, जहां नाली को ढंककर किए गए अवैध निर्माण को जेसीबी की मदद से हटाया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, दुकान संचालक ने नाली को कवर कर उसके ऊपर पाटा बनाकर कब्जा कर लिया था। स्थानीय बस्तीवासियों ने इसकी शिकायत नगर निगम से की थी। शिकायत में बताया गया था कि नाली ढंकी होने के कारण उसकी सफाई नहीं हो पाती, जिससे बारिश के समय जल निकासी प्रभावित होती है और आसपास के क्षेत्रों में जलभराव की समस्या पैदा हो जाती है।
शिकायत के बाद निगम की टीम मौके पर पहुंची और जांच के बाद अवैध निर्माण हटाने की कार्रवाई शुरू की। निगम अधिकारियों ने बताया कि नाली पर किया गया निर्माण नियमों के खिलाफ था, जिसे हटाया जा रहा है। नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक नालियों और शासकीय जमीन पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
