चलती स्कूल वैन से गिरा मासूम, खुला था पीछे का गेट; CCTV में कैद हुई लापरवाही

Follow Us

दुर्ग। भिलाई में स्कूल वैन की लापरवाही का एक गंभीर मामला सामने आया है। यहां चलती वैन से एक मासूम बच्चा सड़क पर गिर गया। गनीमत रही कि उस समय वैन के पीछे कोई अन्य वाहन नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। मामला छावनी थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, घटना 8 जुलाई की दोपहर करीब डेढ़ बजे की बताई जा रही है। खुर्सीपार स्थित फॉरबेल्स स्कूल की वैन बच्चों को घर छोड़ने जा रही थी। नंदिनी रोड पर एक बच्चे को उतारने के बाद जैसे ही वैन आगे बढ़ी, पीछे बैठे एक मासूम का संतुलन बिगड़ गया और वह खुले गेट से सड़क पर गिर गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, वैन का पिछला गेट ठीक से लॉक नहीं था। आरोप है कि बच्चे को उतारने के बाद चालक ने जल्दबाजी में गेट बंद नहीं किया और वाहन आगे बढ़ा दिया, जिसके कारण यह हादसा हुआ। बच्चे के सड़क पर गिरने के बाद आसपास मौजूद लोगों ने वैन चालक को रोकने के लिए आवाज लगाई, लेकिन वह करीब 300 मीटर आगे निकल चुका था। इसके बाद पीछे चल रहे बाइक सवारों ने पीछा कर वैन को रोका। मौके पर मौजूद एक महिला ने घायल बच्चे को उठाकर दोबारा वैन में बैठाया। बताया जा रहा है कि हादसे के समय वैन में केवल चालक मौजूद था। बच्चों की सुरक्षा के लिए कोई कंडक्टर या सहायक नहीं था। घटना का वीडियो सामने आने के बाद स्कूल वैन संचालन की सुरक्षा व्यवस्था और बच्चों के परिवहन नियमों को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।