तलाक के खुलासे के बाद ‘लॉक अप 2’ पहुंचे गौरव खन्ना, आकांक्षा चमोला को देखकर हुईं भावुक

Follow Us

मुंबई। रियलिटी शो ‘लॉक अप सीजन 2’ में टीवी अभिनेता गौरव खन्ना की एंट्री ने दर्शकों का ध्यान खींच लिया है। शो में उनकी पत्नी और अभिनेत्री आकांक्षा चमोला बतौर कंटेस्टेंट नजर आ रही हैं। हाल ही में आकांक्षा ने अपने और गौरव के रिश्ते को लेकर बड़ा खुलासा करते हुए बताया था कि दोनों तलाक की ओर बढ़ रहे हैं। शो के नए प्रोमो में गौरव खन्ना विजिटर के तौर पर जेल के अंदर एंट्री करते दिखाई दे रहे हैं। उन्हें देखते ही आकांक्षा चमोला भावुक हो जाती हैं। गौरव पहले एक कविता सुनाते हैं और फिर सीधे आकांक्षा के पास जाकर उनसे बात करते हैं।

इस दौरान गौरव मुस्कुराते हुए आकांक्षा से कहते हैं, “बैंड बजा दिया तूने”, जिसे सुनकर आकांक्षा की आंखें नम हो जाती हैं। दोनों की यह मुलाकात सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है। प्रोमो में होस्ट फराह खान ‘विजिटिंग आवर्स’ की घोषणा करती हैं और बताती हैं कि घरवालों से मिलने के लिए पहला विजिटर आने वाला है। इसके बाद गौरव खन्ना की एंट्री होती है, जिसे देखकर बाकी कंटेस्टेंट्स भी हैरान नजर आते हैं। गौरतलब है कि ‘लॉक अप सीजन 2’ के प्रीमियर में आकांक्षा चमोला ने खुलासा किया था कि वह और गौरव खन्ना शादी के करीब 9 साल बाद अलग होने का फैसला कर चुके हैं। उन्होंने बताया था कि दोनों पिछले एक साल से अलग रह रहे हैं, हालांकि उनके बीच कोई कड़वाहट नहीं है और वे अब भी एक-दूसरे से बातचीत करते हैं।