‘लॉक अप 2’ में गोविंदा की एंट्री, पैर में गोली लगने वाली घटना पर खुद का उड़ाया मजाक

Follow Us

मुंबई। रियलिटी शो ‘लॉक अप 2’ में इस बार बॉलीवुड अभिनेता गोविंदा की एंट्री होने जा रही है। शो के नए प्रोमो में गोविंदा होस्ट फराह खान के साथ नजर आ रहे हैं, जहां वह अपनी पत्नी सुनीता आहूजा के साथ मजेदार अंदाज में बातचीत करते दिखेंगे। प्रोमो में गोविंदा अपनी पत्नी सुनीता की ओर इशारा करते हुए पैर में गोली लगने वाली पुरानी घटना को लेकर मजाक करते नजर आए। उन्होंने हंसी-मजाक में कहा, “मैं लेके आया हूं जेब में… सीने पे मारना चाह रही थी। मार ले।” उनके इस अंदाज ने शो में हल्का-फुल्का माहौल बना दिया।

बता दें कि साल 2024 में गोविंदा के मुंबई स्थित घर पर गलती से उनके पैर में गोली लग गई थी। इसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था और उनकी सर्जरी हुई थी। अब अभिनेता ने इसी घटना को लेकर शो में मजाकिया अंदाज अपनाया। इससे पहले शो में सुनीता आहूजा ने अपनी शादी और रिश्ते को लेकर खुलकर बात की थी। उन्होंने माना था कि उनकी शादीशुदा जिंदगी में कई उतार-चढ़ाव आए, लेकिन उन्होंने अपने परिवार और पति के रिश्ते का मजबूती से बचाव किया।

‘जजमेंट डे’ एपिसोड में फराह खान और रितेश देशमुख कंटेस्टेंट्स की क्लास लगाते नजर आएंगे। फराह ने आकांक्षा चमोला से उनके गुस्से और व्यवहार को लेकर सवाल किए और उन्हें अपनी गलतियों की जिम्मेदारी लेने की सलाह दी। वहीं, टीवी अभिनेता गौरव खन्ना भी शो में स्पेशल गेस्ट के तौर पर नजर आएंगे। उनकी पत्नी आकांक्षा चमोला ने शो की शुरुआत में दोनों के अलग रहने और तलाक की बात कही थी, जिसके बाद यह पहली बार होगा जब गौरव शो में उनके सामने दिखाई देंगे।