नई दिल्ली। भारत की रक्षा ताकत को नई दिशा देने वाली एक बड़ी खबर सामने आई है। इजरायल की प्रमुख रक्षा कंपनी राफेल एडवांस्ड डिफेंस सिस्टम्स भारत में अपने चर्चित एयर डिफेंस सिस्टम ‘आयरन डोम’ की इंटरसेप्टर मिसाइलों के निर्माण की संभावनाओं पर काम कर रही है। अगर यह योजना आगे बढ़ती है, तो भारत इजरायल और अमेरिका के बाद ऐसा तीसरा देश बन सकता है, जहां इस अत्याधुनिक रक्षा प्रणाली का उत्पादन किया जाएगा। इसके लिए राफेल कई भारतीय रक्षा कंपनियों और संस्थानों के साथ बातचीत कर रही है।
इस पहल को भारत सरकार की ‘मेक इन इंडिया’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ मुहिम के लिए महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। देश में उत्पादन शुरू होने से रक्षा निर्माण क्षमता बढ़ेगी और भारत वैश्विक रक्षा सप्लाई चेन में अपनी भूमिका मजबूत कर सकेगा। राफेल के लिए भी भारत एक अहम रणनीतिक केंद्र बन सकता है। दुनिया के कई हिस्सों में बढ़ते तनाव के बीच एयर डिफेंस सिस्टम की मांग तेजी से बढ़ी है। भारत में निर्माण होने से उत्पादन क्षमता बढ़ाने और दूसरे देशों तक आपूर्ति आसान बनाने में मदद मिल सकती है।
भारत और इजरायल पहले भी कई रक्षा परियोजनाओं में साथ काम कर चुके हैं। दोनों देशों ने मिलकर बराक-8 मिसाइल सिस्टम विकसित किया है, जो भारतीय सेनाओं में शामिल है। वहीं, भारत अपने स्वदेशी एयर डिफेंस सिस्टम ‘सुदर्शन चक्र’ पर भी काम कर रहा है। ऐसे में आयरन डोम से जुड़ी संभावित साझेदारी भारतीय रक्षा उद्योग को नई तकनीक और उत्पादन क्षमता देने वाली साबित हो सकती है।
