छत्तीसगढ़ में IAS अफसरों का बड़ा फेरबदल, GPM कलेक्टर संतोष देवांगन हटे; 5 अधिकारियों के तबादले

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने गुरुवार को भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारियों के प्रभार में बड़ा फेरबदल करते हुए 5 अधिकारियों के तबादला आदेश जारी किए हैं। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश के तहत गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) के कलेक्टर संतोष कुमार देवांगन को पद से हटाकर मंत्रालय में स्कूल शिक्षा विभाग का विशेष सचिव नियुक्त किया गया है। उनकी जगह तकनीकी शिक्षा विभाग के संचालक विजय दयाराम के. को जिले का नया कलेक्टर बनाया गया है।

आदेश के अनुसार, हेमंत रमेश नंदनवार (IAS 2020) को महासमुंद जिला पंचायत के सीईओ पद से हटाकर संचालक, तकनीकी शिक्षा, रोजगार एवं प्रशिक्षण बनाया गया है। साथ ही उन्हें छत्तीसगढ़ राज्य कौशल विकास प्राधिकरण (CSDA) के प्रबंध संचालक (MD) का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।

वहीं, सुमित अग्रवाल (IAS 2021), जो अब तक दुर्ग नगर निगम के आयुक्त थे, उन्हें मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO), छत्तीसगढ़ राज्य शहरी विकास अभिकरण (SUDA) नियुक्त किया गया है। इस नियुक्ति के साथ रिमिजियस एक्का (IAS 2011) को इस पद के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर दिया गया है।

इसके अलावा, अनुपमा आनंद (IAS 2023), जो सरायपाली (महासमुंद) में एसडीएम के पद पर कार्यरत थीं, उन्हें पदोन्नत कर जिला पंचायत महासमुंद का मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) नियुक्त किया गया है। सरकार के इस प्रशासनिक फेरबदल को शासन-प्रशासन में कार्यकुशलता बढ़ाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।