10 मिनट में तैयार करें कुरकुरा इंस्टेंट बेसन डोसा, स्वाद और सेहत का परफेक्ट नाश्ता

Follow Us

नई दिल्ली। सुबह की भागदौड़ में अक्सर लोग ऐसा नाश्ता ढूंढते हैं जो जल्दी बने और स्वाद में भी शानदार हो। ऐसे में इंस्टेंट बेसन डोसा एक बेहतरीन विकल्प साबित हो सकता है। इसे बनाने के लिए न तो लंबे समय तक बैटर तैयार करने की जरूरत होती है और न ही ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है। बेसन से तैयार यह डोसा स्वाद में बेहद लाजवाब और टेक्सचर में काफी क्रिस्पी होता है। यह सामान्य चीले से अलग कुरकुरा स्वाद देता है और बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आ सकता है।

बेसन डोसा बनाने की सामग्री:
इसके लिए एक कप बेसन, दो चम्मच सूजी, तीन चम्मच चावल का आटा, नमक, प्याज, टमाटर, शिमला मिर्च, हरा धनिया, अजवाइन, जीरा, चिली फ्लेक्स, हल्दी, लाल मिर्च-लहसुन पेस्ट और थोड़ा तेल चाहिए।

बनाने का आसान तरीका:
सबसे पहले बेसन, सूजी और चावल के आटे को मिलाएं। इसमें नमक, हल्दी, जीरा, अजवाइन और मसाले डालकर पानी की मदद से पतला बैटर तैयार करें। ध्यान रखें कि घोल न ज्यादा गाढ़ा हो और न ज्यादा पतला। अब इसमें कटी हुई प्याज, टमाटर, शिमला मिर्च, हरा धनिया और लाल मिर्च-लहसुन पेस्ट मिलाएं। गर्म तवे पर थोड़ा तेल लगाकर बैटर फैलाएं और मध्यम आंच पर पकाएं। डोसा सुनहरा और कुरकुरा होने लगे तो इसे उतार लें। इसे नारियल चटनी, हरी चटनी, टमाटर चटनी या सांभर के साथ परोसा जा सकता है। प्रोटीन से भरपूर यह नाश्ता कम समय में स्वाद और सेहत दोनों का बेहतरीन मेल देता है।