मुंबई। मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मंगलवार रात एक बड़ा विमान हादसा टल गया। एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस के दो विमान एक ही रनवे पर आमने-सामने आ गए, लेकिन एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) की सतर्कता और पायलटों की सूझबूझ से संभावित टक्कर टल गई। इस घटना में सभी यात्री सुरक्षित हैं। जानकारी के मुताबिक, एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट AIX 1547 सिलीगुड़ी से मुंबई पहुंची थी। लैंडिंग के बाद विमान अभी रनवे पूरी तरह खाली नहीं कर पाया था, तभी मुंबई से दिल्ली जाने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट AI 816 उसी रनवे से टेकऑफ की तैयारी कर रही थी। इसी दौरान दोनों विमान एक ही रनवे पर आमने-सामने आ गए।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने तुरंत एयर इंडिया की फ्लाइट को टेकऑफ रोकने का निर्देश दिया। समय रहते मिली चेतावनी के बाद पायलट ने विमान रोक दिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। इसके बाद विमान को वापस बे (Bay) में ले जाया गया। एयर इंडिया ने बताया कि घटना के बाद विमान की स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) के तहत आवश्यक जांच की जाएगी। साथ ही यात्रियों को जल्द से जल्द उनकी मंजिल तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की गई है। एयरलाइन ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा और भलाई उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा पूरे मामले की निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार जांच की जा रही है।
