Fake E-Challan Scam: ई-चालान के नाम पर साइबर ठगी का नया जाल, एक क्लिक से बैंक खाता हो सकता है साफ

Follow Us

जगदलपुर। बस्तर जिले में फर्जी ई-चालान के जरिए साइबर ठगी के मामले सामने आने के बाद परिवहन विभाग ने लोगों के लिए अलर्ट जारी किया है। अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल पर आने वाले किसी भी ई-चालान मैसेज पर बिना जांच किए क्लिक न करें, क्योंकि यह साइबर अपराधियों का जाल हो सकता है। साइबर ठग एसएमएस, व्हाट्सएप और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से ई-चालान भुगतान के फर्जी लिंक भेज रहे हैं। ये संदेश देखने में बिल्कुल सरकारी नोटिस जैसे लगते हैं, जिससे लोग आसानी से उनके झांसे में आ जाते हैं।

फर्जी लिंक पर क्लिक करते ही यूजर नकली वेबसाइट पर पहुंच जाता है, जहां वाहन नंबर, मोबाइल नंबर, बैंकिंग डिटेल, एटीएम कार्ड की जानकारी और ओटीपी जैसी गोपनीय जानकारी मांगी जाती है। जैसे ही यह जानकारी साझा की जाती है, साइबर ठग बैंक खाते से रकम निकाल सकते हैं। कई मामलों में ठग भुगतान में देरी होने पर भारी जुर्माने, कानूनी कार्रवाई या वाहन जब्त करने की धमकी देकर लोगों पर मानसिक दबाव भी बनाते हैं। वहीं कुछ मैसेज में एपीके (APK) फाइल डाउनलोड करने के लिए कहा जाता है, जो मोबाइल में मालवेयर इंस्टॉल कर निजी और बैंकिंग जानकारी तक पहुंच बना सकता है।

क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी डुलीचंद बंजारे ने कहा है कि किसी भी ई-चालान का भुगतान केवल आधिकारिक पोर्टल पर सत्यापन के बाद ही करें। किसी अज्ञात लिंक पर क्लिक करने, ओटीपी या बैंकिंग जानकारी साझा करने से बचें। यदि कोई संदिग्ध मैसेज मिले तो तुरंत साइबर हेल्पलाइन या स्थानीय पुलिस को इसकी सूचना दें।