मुंबई। शादी के बाद अंशुला कपूर का पहला पोस्ट-वेडिंग लुक इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है। लॉन्ग टाइम बॉयफ्रेंड रोहन ठक्कर के साथ शादी के बंधन में बंधने के बाद जब अंशुला रिसेप्शन पार्टी में पहुंचीं, तो हर किसी की नजरें उन पर टिक गईं। नई दुल्हन के तौर पर अंशुला ने ट्रेडिशनल ब्राइडल स्टाइल से हटकर एक बेहद स्टाइलिश और मॉडर्न अंदाज चुना। खास बात यह रही कि उन्होंने न सिंदूर लगाया, न मंगलसूत्र पहना और न ही चूड़ा कैरी किया, फिर भी उनका लुक बेहद रॉयल और एलिगेंट नजर आया।
अंशुला ने डिजाइनर अमित अग्रवाल की कस्टम बनारसी साड़ी पहनी, जिसमें भारतीय विरासत और मॉडर्न फैशन का शानदार फ्यूजन देखने को मिला। ऑफ-शोल्डर कॉर्सेट स्टाइल और ड्रामेटिक पल्लू ने उनके आउटफिट को गाउन जैसा ग्लैमरस टच दिया। पन्ना, मोती और पोल्की के खूबसूरत नेकलेस के साथ उन्होंने अपने लुक को मिनिमल लेकिन बेहद शानदार रखा।
वहीं रोहन ठक्कर भी मिडनाइट नेवी ब्लू बंधगला में काफी स्टाइलिश नजर आए। कपल का यह रिसेप्शन लुक सोशल मीडिया पर खूब पसंद किया जा रहा है और अंशुला ने साबित कर दिया कि मॉडर्न फैशन के साथ भी भारतीय खूबसूरती को बेहद खास अंदाज में पेश किया जा सकता है।


