रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के 13 जुलाई से शुरू होने वाले मानसून सत्र से पहले राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह से स्पीकर हाउस में मुलाकात कर आगामी सत्र की तैयारियों और सदन के संचालन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। बताया जा रहा है कि दोनों नेताओं के बीच करीब एक घंटे तक बैठक चली। मुख्यमंत्री की मुलाकात के कुछ समय बाद नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत भी स्पीकर हाउस पहुंचे और विधानसभा अध्यक्ष से चर्चा की। इस मुलाकात को आगामी सत्र की रणनीति और सदन की कार्यवाही के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
13 जुलाई से शुरू होने वाला विधानसभा का पांच दिवसीय मानसून सत्र कई अहम मुद्दों के कारण चर्चा में रहने की संभावना है। अब तक विधायकों की ओर से एक हजार से अधिक प्रश्न लगाए जा चुके हैं, जिन पर सदन में चर्चा होगी। विपक्ष ने कानून-व्यवस्था, किसानों की समस्याएं, बिजली-पानी संकट, सड़क निर्माण, मानसून के दौरान व्यवस्थाओं और विभिन्न स्थानीय मुद्दों को लेकर सरकार को घेरने की तैयारी की है। प्रश्नकाल, शून्यकाल और ध्यानाकर्षण प्रस्तावों के दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस होने के आसार हैं। रायपुर के नकटी गांव में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई, विस्थापन और प्रस्तावित भूमि से जुड़े विवाद भी सत्र के दौरान उठाए जा सकते हैं। इसके अलावा खरीफ सीजन में खाद-बीज की उपलब्धता, सिंचाई, बिजली आपूर्ति और धान खरीदी की तैयारियों जैसे कृषि से जुड़े विषय भी सदन में प्रमुखता से गूंजने की संभावना है।
