भारत-इंडोनेशिया की बड़ी डील: ब्रह्मोस और अस्त्र मिसाइल से मजबूत होगी समुद्री सुरक्षा, बढ़ेगा रणनीतिक सहयोग

Follow Us

जकार्ता। भारत और इंडोनेशिया के बीच रक्षा और रणनीतिक साझेदारी को नई ताकत मिली है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो के बीच हुई अहम बातचीत के बाद दोनों देशों ने रक्षा, तकनीक, खनिज, डिजिटल भुगतान और समुद्री सुरक्षा समेत कई क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई है।

सबसे बड़ा फैसला रक्षा क्षेत्र में हुआ, जहां भारत इंडोनेशिया को ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल और अस्त्र हवा से हवा में मार करने वाली मिसाइलों की आपूर्ति करेगा। इस समझौते से इंडोनेशिया की तटीय सुरक्षा क्षमता मजबूत होगी और दोनों देशों के रक्षा संबंधों को नई दिशा मिलेगी। इसके अलावा भारत और इंडोनेशिया ने महत्वपूर्ण खनिजों की सप्लाई चेन मजबूत करने, स्टील और रेयर अर्थ मैग्नेट उत्पादन में सहयोग बढ़ाने का फैसला किया है। दोनों देश रणनीतिक रूप से अहम सबांग पोर्ट के संयुक्त विकास पर भी आगे बढ़ेंगे।

डिजिटल क्षेत्र में भारत के UPI और इंडोनेशिया के पेमेंट सिस्टम को जोड़ने की योजना पर भी सहमति बनी, जिससे व्यापार और पर्यटन को फायदा मिलेगा। वहीं शिक्षा के क्षेत्र में इंडोनेशिया में IIM बेंगलुरु का कैंपस स्थापित करने की घोषणा भी की गई। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि, भारत-इंडोनेशिया साझेदारी एक नए दौर में प्रवेश कर रही है, जिसमें सुरक्षा, तकनीक और विकास के क्षेत्र में दोनों देश मिलकर आगे बढ़ेंगे।