चेन्नई। तमिलनाडु में शराब की कीमतों में जल्द बढ़ोतरी हो सकती है। राज्य सरकार शराब की विभिन्न श्रेणियों की बोतलों के दाम 10 से 50 रुपये तक बढ़ाने के प्रस्ताव पर विचार कर रही है। इस संबंध में तमिलनाडु स्टेट मार्केटिंग कॉरपोरेशन (TASMAC) की बोर्ड बैठक में विस्तृत चर्चा की गई, जिसमें आबकारी विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने हिस्सा लिया।
प्रस्ताव के अनुसार, सामान्य और मध्यम श्रेणी की शराब की बोतलों की कीमत में 10 से 20 रुपये तक की वृद्धि हो सकती है। वहीं प्रीमियम और विदेशी शराब (IMFL) की बोतलों पर 30 से 50 रुपये तक अतिरिक्त भुगतान करना पड़ सकता है। बीयर की कीमतों में भी कम से कम 10 रुपये प्रति बोतल की बढ़ोतरी की संभावना जताई जा रही है।
यदि सरकार इस प्रस्ताव को मंजूरी देती है, तो नई दरें जल्द ही राज्यभर में लागू की जा सकती हैं। इससे पहले तमिलनाडु में शराब की कीमतों में संशोधन फरवरी 2024 में किया गया था। हालांकि अभी अंतिम फैसला आना बाकी है, लेकिन प्रस्ताव लागू होने पर राज्य में शराब खरीदने वालों की जेब पर सीधा असर पड़ेगा। सरकार की ओर से आधिकारिक घोषणा का इंतजार किया जा रहा है।
