चाय बनाते समय करंट की चपेट में आई महिला, किचन में ही दर्दनाक मौत

Follow Us

बिलासपुर। जिले के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम हरदी कला में सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में करंट लगने से महिला की मौत हो गई। घटना उस समय हुई, जब महिला अपने घर के किचन में चाय बना रही थी। किचन के टीन शेड में करंट प्रवाहित होने के कारण वह उसकी चपेट में आ गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान आशा देवी रजक (40) के रूप में हुई है। रोज की तरह सोमवार सुबह वह किचन में चाय बनाने गई थीं। इसी दौरान जैसे ही उन्होंने टीन शेड को छुआ, उसमें दौड़ रहे करंट की चपेट में आ गईं। करंट का झटका इतना तेज था कि वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ीं।

घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने डायल-112 को सूचना दी। पुलिस और डायल-112 की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और महिला को इलाज के लिए सिम्स अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जांच में घर की वायरिंग में खराबी या करंट लीकेज की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।