एल्डरमैन सूची पर भाजपा में बगावत: कार्यकर्ता सम्मेलन के बाहर हंगामा, जिलाध्यक्ष के खिलाफ लगे मुर्दाबाद के नारे

Follow Us

मनेन्द्रगढ़। भरतपुर-सोनहत भाजपा में एल्डरमैन नियुक्तियों को लेकर असंतोष खुलकर सामने आ गया। जिला स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान मनेन्द्रगढ़ स्थित सांस्कृतिक भवन (दुर्गा पंडाल) के बाहर भाजपा कार्यकर्ताओं ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया और जिलाध्यक्ष चंपा देवी पावले के खिलाफ नारेबाजी की। एल्डरमैन की सूची जारी होने के बाद नाराज कार्यकर्ताओं ने “चंपा तेरी तानाशाही नहीं चलेगी” और “मुर्दाबाद” जैसे नारे लगाते हुए अपना विरोध जताया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि नियुक्तियों में वर्षों से संगठन के लिए काम कर रहे स्थानीय कार्यकर्ताओं की पूरी तरह अनदेखी की गई है, जबकि सूची में ऐसे लोगों को शामिल किया गया है जो संबंधित क्षेत्र के मतदाता तक नहीं हैं।

कार्यकर्ताओं ने नियुक्तियों में पक्षपात और मनमानी का आरोप लगाते हुए कहा कि समर्पित कार्यकर्ताओं की उपेक्षा से संगठन में भारी नाराजगी है। उन्होंने एल्डरमैन सूची की समीक्षा कर स्थानीय और सक्रिय कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता देने की मांग की। प्रदर्शन में पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष एवं वर्तमान पार्षद धीरेंद्र विश्वकर्मा, पार्षद इरशाद अहमद, जितेंद्र गुप्ता, पूर्व मंडल अध्यक्ष विनोद गुप्ता सहित हसदेव मंडल के झगराखंड, लेदरी और खोंगापानी क्षेत्र के सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता शामिल रहे। फिलहाल, इस पूरे मामले में भाजपा जिलाध्यक्ष चंपा देवी पावले की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।