धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में घर निर्माण कार्य के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। कुरूद थाना क्षेत्र में बांस की चैली पर काम कर रहे एक राजमिस्त्री का संतुलन बिगड़ने से वह नीचे गिर गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान राजेंद्र ध्रुव के रूप में हुई है, जो भोथली गांव का निवासी था और पेशे से राजमिस्त्री था। वह गांव में एक मकान के निर्माण कार्य में बांस की चैली बनाकर ईंट जोड़ने का काम कर रहा था।
काम के दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह ऊंचाई से नीचे गिर पड़ा। हादसा इतना गंभीर था कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई कर रही है।
