प्रेमी को मिलने बुलाया, फिर घर बना मौत का जाल! हाथ-पैर बांध कुल्हाड़ी से उतारा मौत के घाट

Follow Us

फरीदकोट। पंजाब के फरीदकोट जिले में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां 26 वर्षीय युवक अर्शदीप सिंह की कथित तौर पर घर बुलाकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। पुलिस ने मृतक के परिजनों की शिकायत पर एक विवाहित महिला, उसके पति, पिता और भाई के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक के पिता हरनेक सिंह, जो पंजाब पुलिस की कमांडो बटालियन में हेड कांस्टेबल हैं, ने आरोप लगाया कि गांव पिपली निवासी हरप्रीत कौर ने अर्शदीप को मिलने के बहाने अपने घर बुलाया। वहां पहले उसके हाथ-पैर और मुंह बांध दिए गए, फिर कुल्हाड़ी जैसे तेजधार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई।

परिजनों का दावा है कि, हरप्रीत कौर अर्शदीप पर संबंध बनाए रखने का दबाव बना रही थी, जिसकी जानकारी उसने पहले अपने परिवार को भी दी थी। रविवार को अर्शदीप के लापता होने के बाद परिजनों ने तलाश शुरू की और संदेह के आधार पर महिला के घर पहुंचे, जहां से उसका शव बरामद हुआ। थाना सदर के एसएचओ राजेश कुमार ने बताया कि घटनास्थल से फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। मामले की जांच जारी है।