रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून पूरी तरह सक्रिय है और बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र का असर पूरे प्रदेश में देखने को मिल रहा है। राजधानी रायपुर सहित कई जिलों में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है। कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है, जबकि सड़कों पर आवाजाही भी मुश्किल हो गई है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों तक मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश की संभावना जताई है।
बीते 24 घंटों में राजिम, दुर्ग, रायपुर, राजनांदगांव, पाटन और छुरा सहित कई क्षेत्रों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। विभाग के अनुसार धमतरी, रायपुर, दुर्ग, महासमुंद, गरियाबंद, बिलासपुर, कोरबा, जांजगीर-चांपा, कबीरधाम और अन्य जिलों के लिए रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में तेज हवाओं, मेघगर्जन और आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि, 8 जुलाई से प्रदेश में बारिश की तीव्रता धीरे-धीरे कम हो सकती है। तब तक लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने, जलभराव वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।
