मूसलाधार बारिश से रायपुर बेहाल: गुढ़ियारी अंडरब्रिज डूबा, कई कॉलोनियों में घरों तक घुसा पानी

Follow Us

रायपुर। राजधानी रायपुर में शनिवार दोपहर से शुरू हुई मूसलाधार बारिश रविवार सुबह तक जारी रही। लगातार हुई बारिश से शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। गुढ़ियारी अंडरब्रिज पूरी तरह पानी में डूब गया, जबकि टाटीबंध, लाखेनगर, अश्वनी नगर, कुशालपुर, तुलसी नगर, बंजारी नगर और प्रोफेसर कॉलोनी समेत कई क्षेत्रों की सड़कें जलमग्न हो गईं।

निचली बस्तियों और कॉलोनियों में नालों का गंदा पानी घरों में घुस गया, जिससे लोगों का घरेलू सामान पानी में डूब गया। कई घरों में पलंग तक पानी पहुंच गया। पूरी रात लोग पानी निकालने में जुटे रहे और भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

स्थानीय लोगों का कहना है कि हर बारिश में इन इलाकों में जलभराव की समस्या सामने आती है। उनका आरोप है कि नालियों और नालों की नियमित सफाई नहीं होने से हालात हर साल बिगड़ जाते हैं। लोगों ने बताया कि करीब एक माह पहले नाले की सफाई और चौड़ीकरण का कार्य कराया गया था, लेकिन पहली ही तेज बारिश में उसकी पोल खुल गई। अब नागरिकों ने स्थायी समाधान और बेहतर जल निकासी व्यवस्था की मांग की है।