जिले में सड़क पर निकला 14 फीट लंबा किंग कोबरा, वन विभाग ने घंटों की मशक्कत के बाद किया सुरक्षित रेस्क्यू

Follow Us

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के पसरखेत क्षेत्र में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया जब कोरबा-हाटी मुख्य सड़क पर करीब 14 फीट लंबा विशाल किंग कोबरा दिखाई दिया। झाड़ियों से निकलकर यह जहरीला सांप सड़क पार कर रहा था, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों में दहशत फैल गई। इस दौरान कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात भी बाधित रहा।

घटना की सूचना मिलते ही वन मंडल अधिकारी प्रेमलता यादव के निर्देश पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। उप वन मंडल अधिकारी सूर्यकांत सोनी के मार्गदर्शन में रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सर्प संरक्षण संस्था आरसीआरएस (Reptile Care and Rescuer Society) की टीम को भी बुलाया गया।

संस्था के विशेषज्ञ अविनाश यादव अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और एहतियात के तौर पर लगभग 50 मीटर का सुरक्षा घेरा बनाया गया। भारी बारिश के बीच करीब एक घंटे तक चले संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद किंग कोबरा को सुरक्षित पकड़ लिया गया। स्वास्थ्य परीक्षण के बाद इस विशाल सांप को उसके प्राकृतिक आवास के पास जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया गया। वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि वन्यजीव दिखाई देने पर उनसे दूरी बनाए रखें और तुरंत विभाग को सूचना दें।