साय मंत्रिमंडल का चिंतन शिविर 3.0 शुरू, सुशासन और विकसित छत्तीसगढ़ पर होगा मंथन

Follow Us

रायपुर। विष्णु देव साय के नेतृत्व में साय मंत्रिमंडल का चिंतन शिविर 3.0 शुरू हो गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बदलते समय की चुनौतियों और अवसरों के अनुरूप शासन को निरंतर सीखने, आत्ममूल्यांकन करने और भविष्य की जरूरतों के अनुसार स्वयं को तैयार करना चाहिए। इसी उद्देश्य से आयोजित यह चिंतन शिविर मंत्रिमंडल और विभिन्न क्षेत्रों के राष्ट्रीय विशेषज्ञों के बीच संवाद, अनुभव-साझाकरण और नीति-निर्माण का महत्वपूर्ण मंच बनेगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि शिविर में प्रदेश के समग्र, संतुलित और समावेशी विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर व्यापक चर्चा होगी। कृषि, ग्रामीण विकास, उद्योग, निवेश, पर्यटन, खेल, नवाचार, उभरती प्रौद्योगिकी, सुशासन, संस्थागत सुधार, नेतृत्व विकास और प्रभावी जनसेवा जैसे विषयों पर विस्तृत सत्र आयोजित किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि इन चर्चाओं के आधार पर शासन की प्राथमिकताओं, विभागों के बेहतर समन्वय और जनहितकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए भावी रणनीति तैयार की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन केवल योजनाएं बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि समय की मांग के अनुरूप खुद को लगातार बेहतर बनाते हुए जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना भी है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सरकार का लक्ष्य ऐसी कार्यसंस्कृति विकसित करना है जो पारदर्शी, उत्तरदायी, संवेदनशील और परिणाम आधारित हो, ताकि उसका प्रत्यक्ष लाभ प्रदेश के प्रत्येक नागरिक तक पहुंचे। उन्होंने विश्वास जताया कि चिंतन शिविर में होने वाला मंथन विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण और आने वाले वर्षों की विकास यात्रा को नई दिशा देगा।