मीडिया एवं संचार अधिकारियों का राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित, फेक न्यूज और AI चुनौतियों पर हुआ मंथन

Follow Us

रायपुर। भारत निर्वाचन आयोग ने नई दिल्ली स्थित इंडिया इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ डेमोक्रेसी एंड इलेक्शन मैनेजमेंट में मीडिया एवं संचार अधिकारियों के लिए दूसरे एक दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन किया। सम्मेलन में देश के 16 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 260 से अधिक मीडिया नोडल अधिकारी, सोशल मीडिया नोडल अधिकारी, जिला जनसंपर्क अधिकारी और वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। छत्तीसगढ़ से सहायक मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, अपर संचालक जनसंपर्क विभाग तथा सभी 33 जिलों के जिला जनसंपर्क अधिकारी सम्मेलन में शामिल हुए।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए ज्ञानेश कुमार ने कहा कि निर्वाचन आयोग की सभी प्रक्रियाएं संविधान, चुनावी कानूनों और आयोग के पारदर्शी दिशा-निर्देशों के अनुरूप संचालित होती हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर फैलने वाली फर्जी और भ्रामक सूचनाओं के प्रति सतर्क रहने तथा तथ्यात्मक जानकारी के प्रभावी प्रसार में मीडिया एवं संचार अधिकारियों की अहम भूमिका पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि हाल के विधानसभा चुनावों में रिकॉर्ड मतदान प्रतिशत लोकतांत्रिक प्रक्रिया पर मतदाताओं के भरोसे को दर्शाता है।

वहीं डॉ. विवेक जोशी ने डिजिटल दौर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), डीपफेक और भ्रामक डिजिटल सामग्री से उत्पन्न चुनौतियों का उल्लेख करते हुए अधिकारियों से आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप इनसे प्रभावी ढंग से निपटने का आह्वान किया। उन्होंने चुनावी साक्षरता क्लबों के माध्यम से युवाओं को निर्वाचन प्रक्रिया से जोड़ने पर भी विशेष बल दिया।

सम्मेलन में निर्वाचन प्रक्रिया के विभिन्न चरणों से जुड़ी संचार रणनीतियों, मतदाता सूची प्रबंधन, मतदान एवं मतगणना, ईसीआईनेट, संवैधानिक और कानूनी प्रावधानों, मीडिया प्रबंधन, प्रेस विज्ञप्ति लेखन, सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग तथा फेक न्यूज से निपटने जैसे विषयों पर तकनीकी और व्यावहारिक सत्र आयोजित किए गए। प्रतिभागियों को निर्वाचन प्रक्रिया का व्यवहारिक प्रदर्शन भी कराया गया तथा हाल ही में चुनाव संपन्न कराने वाले राज्यों के अधिकारियों ने अपने अनुभव साझा किए।