मुंगेली। भारतीय जनता पार्टी ने नगर पंचायत जरहागांव में एल्डरमैन नियुक्ति के जरिए जमीनी कार्यकर्ताओं को सम्मान देने का संदेश दिया है। पार्टी ने वर्षों से संगठन के लिए समर्पित भाव से कार्य कर रहे सतीश मशीह, महावीर यादव और चंद्रकांत वैष्णव को एल्डरमैन नियुक्त किया है। इनमें सबसे अधिक चर्चा सतीश मशीह की है, जो जनसंघ के समय से पार्टी की विचारधारा से जुड़े रहे हैं।
महावीर यादव और चंद्रकांत वैष्णव ने भी वर्षों तक बिना किसी पद या व्यक्तिगत अपेक्षा के संगठन के लिए काम किया। दोनों ने बताया कि उन्होंने मंच से दूर रहकर पार्टी का झंडा उठाने से लेकर कार्यक्रमों की व्यवस्थाओं तक हर जिम्मेदारी निभाई है। उनकी नियुक्ति को भाजपा कार्यकर्ता समर्पित और मेहनती कार्यकर्ताओं के सम्मान के रूप में देख रहे हैं।
नियुक्ति आदेश जारी होने के बाद तीनों नव-नियुक्त एल्डरमैन पहली बार नगर पंचायत जरहागांव कार्यालय पहुंचे। पदभार ग्रहण करने से पहले उन्होंने कार्यालय के मुख्य द्वार पर दंडवत प्रणाम किया और श्रीफल फोड़कर विधि-विधान से परिसर में प्रवेश किया। इस दौरान भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया और भारत माता की जय व वंदे मातरम् के नारों से माहौल गूंज उठा।
भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि संगठन के इस फैसले ने यह संदेश दिया है कि पार्टी में वर्षों तक निस्वार्थ भाव से काम करने वाले कार्यकर्ताओं की मेहनत और निष्ठा का सम्मान किया जाता है। राजनीतिक जानकार भी इसे संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण फैसला मान रहे हैं। अब लोगों की नजर इस बात पर है कि तीनों नव-नियुक्त एल्डरमैन नगर पंचायत के विकास, जनहित के कार्यों और स्थानीय समस्याओं के समाधान में किस तरह की भूमिका निभाते हैं।


