रायपुर। दक्षिण-पश्चिम मानसून छत्तीसगढ़ में पूरी तरह सक्रिय हो गया है। पिछले 24 घंटों के दौरान सरगुजा और बस्तर संभाग के कुछ स्थानों पर भारी वर्षा दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने आज और कल राज्य के कई हिस्सों में भारी से अति भारी बारिश की संभावना जताई है।
राजधानी रायपुर में बुधवार सुबह से ही आसमान में घने काले बादल छाए रहे। दिन में उमस ने लोगों को परेशान किया, जबकि दोपहर बाद हल्की बूंदाबांदी से मौसम में थोड़ी राहत मिली। आज भी शहर में बादलों की आवाजाही बनी हुई है और बारिश की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, एक द्रोणिका रेखा पंजाब से लेकर बंगाल की खाड़ी के उत्तरी हिस्से तक फैली हुई है। वहीं, बंगाल की खाड़ी और दक्षिण बांग्लादेश के ऊपर ऊपरी वायु चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है, जो ऊंचाई के साथ दक्षिण-पश्चिम की ओर झुक रहा है। इसके प्रभाव से 3 जुलाई 2026 के आसपास उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव क्षेत्र बनने की संभावना है, जिससे छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां और तेज हो सकती हैं। प्रदेश में अब तक सामान्य से करीब 60 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है, जिससे कई इलाकों में सूखे जैसे हालात बने हुए हैं।
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटों में बलरामपुर-रामानुजगंज में अधिकतम 34.7 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। इसके अलावा बिलासपुर में 34 डिग्री, जशपुर में 33.5 डिग्री, अंबिकापुर में 33.1 डिग्री, कोरबा में 32.9 डिग्री, दुर्ग में 30.6 डिग्री और जगदलपुर में 28.2 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया।
रायपुर में आज आसमान में बादल छाए रहने के साथ तेज हवाएं और बारिश की संभावना बनी हुई है। अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
