दिल्ली में बड़ा हादसा: दो मंजिला मकान की छत गिरी, 3 साल की बच्ची समेत दो की मौत, चार घायल

Follow Us

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के शाहदरा जिले के विवेक विहार स्थित ज्वाला नगर इलाके में मंगलवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। यहां एक दो मंजिला मकान की छत अचानक ढह गई, जिससे कई लोग मलबे में दब गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।

मलबे से छह लोगों को निकाला गया
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, विवेक विहार थाने में मंगलवार सुबह करीब 10:09 बजे मकान गिरने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस और दमकल विभाग की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। स्थानीय लोगों और बचाव दल की मदद से मलबे में दबे छह लोगों को बाहर निकाला गया और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

तीन साल की बच्ची समेत दो की मौत
हादसे में दो लोगों की मौत हो गई है। मृतकों की पहचान खुशबू (3) और पिंटू (35) के रूप में हुई है। वहीं, चार अन्य लोग घायल हुए हैं। घायलों में आकाश (25), लड्डू उर्फ देवांश (27), विकास (35) और दिलीप (22) शामिल हैं। सभी को डॉक्टर हेडगेवार अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।

मौके पर जुटी लोगों की भीड़, रेस्क्यू जारी
मकान की छत गिरने की घटना के बाद आसपास के इलाके में बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। पुलिस और दमकल विभाग की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। हादसे के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।