गौरेला-पेंड्रा-मरवाही/रायपुर। कृषि विभाग द्वारा राष्ट्रीय खाद्य तेल मिशन योजना के अंतर्गत किसानों को तिलहनी फसलों के उत्पादन एवं उत्पादकता बढ़ाने के उद्देश्य से ग्राम पीपरडोल में मूंगफली बीज का वितरण किया गया। कार्यक्रम के दौरान 12 हेक्टेयर क्षेत्र में मूंगफली की खेती हेतु कुल 26 कृषकों को उन्नत गुणवत्ता का मूंगफली बीज वितरित किया गया। कृषि विभाग के अधिकारियों ने किसानों को मूंगफली की वैज्ञानिक खेती, समय पर बुवाई, संतुलित उर्वरक प्रबंधन, खरपतवार नियंत्रण तथा फसल संरक्षण संबंधी आवश्यक तकनीकी जानकारी भी प्रदान की। साथ ही किसानों से योजना का अधिकतम लाभ उठाते हुए उन्नत कृषि तकनीकों को अपनाने और अधिक उत्पादन प्राप्त करने की अपील की गई। विभाग का उद्देश्य तिलहनी फसलों का रकबा एवं उत्पादन बढ़ाकर किसानों की आय में वृद्धि करना तथा प्रदेश को खाद्य तेल उत्पादन के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में प्रभावी योगदान देना है।
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही : पीपरडोल में 26 किसानों को मूंगफली बीज का वितरण
