मुंबई। अभिनेत्री नेहा धूपिया का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह पैपराज़ी को पीछे से वीडियो बनाने पर नाराजगी जताती नजर आ रही हैं। मुंबई में आयोजित एक इवेंट के दौरान नेहा ने फोटोग्राफरों से स्पष्ट शब्दों में कहा कि इस तरह की रिकॉर्डिंग उनकी निजता और गरिमा के खिलाफ है।
वायरल वीडियो में नेहा कहती सुनाई देती हैं, “यह बदतमीज़ी से बैक-शॉट कौन लेता है? बंद करो। मेरा नहीं करना है, किसी का नहीं करना है। हम लोग आपसे इज्जत से बात करते हैं, कृपया यह सब बंद करें।” अभिनेत्री ने यह भी कहा कि वह पहले भी कई बार इस तरह के वीडियो न बनाने का अनुरोध कर चुकी हैं, लेकिन उनकी बात को नजरअंदाज किया जाता रहा है। उन्होंने इस तरह की फिल्मिंग को अपमानजनक बताते हुए इसे तुरंत बंद करने की अपील की।
यह वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। कई यूजर्स ने नेहा का समर्थन करते हुए कहा कि हर व्यक्ति की निजता और सम्मान का ख्याल रखा जाना चाहिए। वहीं कुछ लोगों का मानना है कि सेलिब्रिटी होने के कारण सार्वजनिक कार्यक्रमों में कैमरों का सामना करना उनके पेशे का हिस्सा है।
गौरतलब है कि नेहा धूपिया पहली अभिनेत्री नहीं हैं जिन्होंने इस मुद्दे को उठाया है। इससे पहले जान्हवी कपूर, मानुषी छिल्लर, रश्मि देसाई, शनाया कपूर और आयशा खान भी पैपराज़ी द्वारा पीछे से वीडियो बनाए जाने पर आपत्ति जता चुकी हैं। वर्कफ्रंट की बात करें तो नेहा हाल ही में नेटफ्लिक्स के शो ‘Single Papa’ में नजर आई थीं। इसके अलावा वह अपने पति अंगद बेदी के साथ यूट्यूब शो ‘Double Date!’ भी होस्ट करती हैं।
nment news, viral Bollywood news
