इमली की बोरियों में छिपाकर हो रही थी गांजा तस्करी, 94 किलो गांजा समेत दो तस्कर गिरफ्तार

Follow Us

सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले की डोंगरीपाली पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 94 किलो अवैध गांजा जब्त किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 9.40 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने इस मामले में दो तस्करों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा की ओर से एक आयशर ट्रक में गांजे की खेप लाई जा रही है। सूचना के आधार पर 29 जून को सुहेला-बरमकेला मुख्य मार्ग स्थित डोंगरीपाली मोड़ पर घेराबंदी कर ट्रक क्रमांक UP30 DT 5256 को रोका गया।

तलाशी के दौरान ट्रक में लदी करीब 12 टन इमली की बोरियों के नीचे 94 किलो गांजा छिपाकर रखा गया था। पुलिस ने गांजे के साथ ट्रक और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान झारखंड निवासी जगत मोदक और मध्यप्रदेश निवासी सुनील बर्मा के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B) और 29 के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।