मुंबई। अभिनेत्री परिणीति चोपड़ा और उनके पति, राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित प्रसिद्ध महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर में बाबा महाकाल के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। दोनों ने भगवान शिव का आशीर्वाद लिया और अपनी इस आध्यात्मिक यात्रा की झलक सोशल मीडिया पर साझा की। परिणीति चोपड़ा ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें वह पीच रंग की पारंपरिक साड़ी में सिर ढके हुए नजर आ रही हैं। वहीं राघव चड्ढा पारंपरिक वेशभूषा के साथ केसरिया शॉल ओढ़े दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में दोनों मंदिर के पुजारियों के साथ पूरे श्रद्धाभाव से पूजा करते और भगवान शिव के समक्ष प्रार्थना करते नजर आ रहे हैं।
वीडियो के साथ परिणीति ने एक भावुक संदेश भी साझा किया। उन्होंने बताया कि गर्भावस्था के दौरान एक शांत सुबह उन्होंने ‘शिव स्तुति’ रिकॉर्ड की थी। उन्हें उम्मीद नहीं थी कि इस स्तुति को लोगों का इतना प्यार मिलेगा।
परिणीति ने लिखा, “मैंने अपनी प्रेग्नेंसी के दौरान एक सुबह इस शिव स्तुति को रिकॉर्ड किया था। मुझे अंदाजा नहीं था कि इसे इतना प्यार मिलेगा। मुझे बेहद खुशी है कि यह स्तुति अब आप लोगों की सुबह की प्लेलिस्ट का हिस्सा बन चुकी है, ठीक वैसे ही जैसे कई सालों से यह हमारे परिवार की प्लेलिस्ट में शामिल थी।” परिणीति और राघव की इस आध्यात्मिक यात्रा का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। फैंस दोनों की सादगी और भगवान शिव के प्रति उनकी आस्था की जमकर सराहना कर रहे हैं।


