सरोना फ्लाईओवर पर ट्रेलर पलटा, 40 मिनट की मशक्कत के बाद बहाल हुआ यातायात

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के सरोना फ्लाईओवर पर मंगलवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। 6 ट्रैक्टरों से लदा एक ट्रेलर फ्लाईओवर से गुजरते समय अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे दुर्ग-रायपुर मार्ग पर यातायात कुछ समय के लिए प्रभावित हो गया। हालांकि, राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी भी व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है।

हादसे की जानकारी मिलते ही ट्रैफिक पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे। क्रेन की मदद से पलटे हुए ट्रेलर को हटाने का अभियान शुरू किया गया। करीब 40 मिनट की मशक्कत के बाद वाहन को हटाकर सड़क को पूरी तरह साफ किया गया और यातायात सामान्य कर दिया गया। डीएसपी ट्रैफिक सतीश ठाकुर ने बताया कि प्रारंभिक जांच में ट्रेलर के अनियंत्रित होने के कारण हादसा होने की बात सामने आई है। दुर्घटना में ट्रेलर पर लदे ट्रैक्टरों को आंशिक नुकसान पहुंचा है, जबकि चालक सुरक्षित है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

यातायात बाधित होने के दौरान पुलिस ने दुर्ग से रायपुर आने-जाने वाले वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्ग अपनाने की सलाह दी थी। एम्स-मोहबाबाजार मार्ग से वाहनों का डायवर्जन किया गया, जिससे जाम की स्थिति को नियंत्रित किया जा सका। फिलहाल सरोना फ्लाईओवर पर यातायात पूरी तरह सामान्य हो चुका है और सभी वाहनों की आवाजाही सुचारू रूप से जारी है।