जेल शिफ्टिंग के दौरान रिया सिन्हा के पास मिला मोबाइल और सिम कार्ड, चाईबासा जेल में दाखिले से पहले खुलासा

Follow Us

रांची। झारखंड की जेल व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। कुख्यात गैंगस्टर सुजीत सिन्हा की पत्नी और कई संगीन मामलों की आरोपी रिया सिन्हा को रांची के बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा (होटवार) से चाईबासा मंडल कारा शिफ्ट किए जाने के दौरान उसके पास से मोबाइल फोन, सिम कार्ड और अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद हुआ है।

सुरक्षा कारणों से रिया सिन्हा को होटवार जेल से चाईबासा जेल स्थानांतरित किया गया था। चाईबासा जेल में प्रवेश से पहले सुरक्षा जांच के दौरान महिला पुलिसकर्मियों ने उसकी तलाशी ली, जिसमें उसके कपड़ों से कई प्रतिबंधित वस्तुएं बरामद हुईं। जांच में रिया सिन्हा की पैंट की जेब से रियलमी कंपनी का मोबाइल फोन, चार टूटे हुए सिम कार्ड, वीवो कंपनी का मोबाइल चार्जर, बोट कंपनी का चार्जिंग एडॉप्टर और लिखावट से भरी एक कॉपी बरामद की गई।

तलाशी अभियान मुख्यालय डीएसपी पूजा कुमारी और महिला थाना प्रभारी शीला मिंज के नेतृत्व में महिला पुलिस टीम ने किया। बरामदगी के बाद सदर थाना प्रभारी हीरा लाल महतो के बयान पर रिया सिन्हा के खिलाफ नया मामला दर्ज किया गया है। रिया सिन्हा पहले भी कई मामलों में जेल जा चुकी है। अक्टूबर 2025 में रांची पुलिस ने प्रिंस खान गिरोह के कुछ सदस्यों को गिरफ्तार किया था। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने दावा किया था कि कुख्यात अपराधी सुजीत सिन्हा और प्रिंस खान गिरोह के बीच समन्वय स्थापित करने का काम रिया सिन्हा करती थी।

जेल प्रशासन के अनुसार, रिया सिन्हा के खिलाफ रंगदारी, हत्या, लूट, अपहरण और फिरौती समेत 14 आपराधिक मामले विभिन्न अदालतों में लंबित हैं। पुलिस का आरोप है कि वह अपने पति सुजीत सिन्हा के साथ मिलकर संगठित अपराधों को अंजाम देने में सक्रिय भूमिका निभाती रही है।