मुंबई। महाराष्ट्र विधानसभा के मानसून सत्र में सोमवार को NEET और TET समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सामने आए पेपर लीक के मामलों को लेकर विपक्ष ने सरकार को घेरा। कांग्रेस विधायक विजय वडेट्टीवार ने आरोप लगाया कि बार-बार हो रही परीक्षा अनियमितताओं से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है और सरकार पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने में विफल रही है। सत्र की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्ष ने पेपर लीक मामले पर स्थगन प्रस्ताव लाकर चर्चा कराने की मांग की। इस दौरान विजय वडेट्टीवार ने कहा कि पेपर लीक की घटनाओं से विद्यार्थियों की वर्षों की मेहनत पर पानी फिर जाता है और इससे राज्य की परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
कांग्रेस विधायक ने हाल ही में सामने आए TET पेपर लीक मामले की गहन जांच की मांग करते हुए कहा कि केवल आरोपियों की गिरफ्तारी से समस्या का समाधान नहीं होगा। उन्होंने पेपर तैयार करने वाली एजेंसियों, संबंधित कंपनियों और पूरे नेटवर्क की जांच कर इस रैकेट का पर्दाफाश करने की मांग की। वडेट्टीवार ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि लगातार हो रहे पेपर लीक से महाराष्ट्र की छवि खराब हो रही है और लाखों छात्रों व शिक्षकों का भविष्य अधर में लटक गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इस गंभीर मुद्दे पर कोई प्रभावी और ठोस कदम उठाती नजर नहीं आ रही है।
विपक्ष ने यह भी आरोप लगाया कि सरकार सदन में इस मुद्दे पर स्पष्ट और संतोषजनक जवाब देने में विफल रही। साथ ही विपक्षी सदस्यों को अपनी बात रखने का पूरा अवसर भी नहीं दिया गया। चर्चा के दौरान कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार ने दोहराया कि केवल छोटे आरोपियों पर कार्रवाई पर्याप्त नहीं है। उन्होंने पेपर सेट करने वाली एजेंसियों और संबंधित कंपनियों की भूमिका की निष्पक्ष जांच कर पूरे पेपर लीक नेटवर्क को उजागर करने की मांग की।
