बर्थडे पर अस्पताल पहुंचीं जैस्मीन भसीन, दुबई ट्रिप के बीच बिगड़ी तबीयत; Aly Goni ने शेयर किया इमोशनल पोस्ट

Follow Us

मुंबई। टीवी अभिनेत्री जैस्मीन भसीन का जन्मदिन इस बार अस्पताल में बीता। दुबई में बर्थडे सेलिब्रेट करने पहुंचीं जैस्मीन अचानक गंभीर संक्रमण की चपेट में आ गईं, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। उनके बॉयफ्रेंड और अभिनेता Aly Goni ने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी देते हुए भावुक पोस्ट साझा किया।

Aly Goni ने अस्पताल से कई तस्वीरें और वीडियो शेयर किए हैं। एक तस्वीर में वह अस्पताल के बेड पर भर्ती जैस्मीन को गले लगाते नजर आ रहे हैं, जबकि दूसरी तस्वीर में अभिनेत्री व्हीलचेयर पर दिखाई दे रही हैं। वीडियो में जैस्मीन अस्पताल के भीतर ही अपना बर्थडे केक काटती नजर आती हैं। Aly Goni ने अपने पोस्ट में लिखा कि वे जैस्मीन का जन्मदिन यादगार बनाने के लिए दुबई आए थे, लेकिन जिंदगी की कुछ और ही योजना थी। उन्होंने कहा कि जैस्मीन को दर्द में देखना उनके लिए सबसे कठिन पल रहा और वह चाहते हैं कि वह जल्द पूरी तरह स्वस्थ होकर फिर से मुस्कुराएं।

एक अन्य पोस्ट में Aly Goni ने बताया कि जैस्मीन को गंभीर संक्रमण (सीरियस इंफेक्शन) के कारण अस्पताल में भर्ती करना पड़ा। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिन बेहद मुश्किल और भावनात्मक रहे हैं। इसी वजह से वह लोगों के संदेशों और कॉल का जवाब नहीं दे पाए। Aly Goni ने फैंस का दुआओं और शुभकामनाओं के लिए आभार जताते हुए कहा कि जैस्मीन को बेहतर इलाज मिल रहा है और उनकी तबीयत में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है। उन्होंने सभी से अभिनेत्री के जल्द स्वस्थ होने की दुआ करने की अपील भी की। बता दें कि जैस्मीन भसीन और Aly Goni की पहली मुलाकात रियलिटी शो ‘खतरों के खिलाड़ी’ के दौरान हुई थी। बाद में दोनों ने ‘बिग बॉस 14’ में अपने रिश्ते को आधिकारिक तौर पर स्वीकार किया था और तब से यह जोड़ी लगातार चर्चा में रहती है।