पुणे। पुणे के युवा कारोबारी केतन अग्रवाल हत्याकांड में जांच के दौरान लगातार नए तथ्य सामने आ रहे हैं। इसी बीच मुख्य आरोपी सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी का एक पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में दोनों क्रिकेट मैच के दौरान एक साथ बैठे दिखाई दे रहे हैं।
वायरल वीडियो में सिया गोयल भारतीय क्रिकेट टीम की जर्सी पहने चेतन चौधरी के कंधे पर सिर रखकर और उसका हाथ थामे मैच देखती नजर आती है। कैमरा उनकी ओर घूमते ही सिया तुरंत चेतन से अलग होकर बैठ जाती है। पुलिस के अनुसार यह वीडियो दोनों की शुरुआती मुलाकातों के दौरान का बताया जा रहा है। जांच एजेंसियों के मुताबिक, सिया और चेतन की पहली मुलाकात सिया के भाई के एक क्रिकेट मैच में हुई थी। इसके बाद दोनों की दोस्ती बढ़ी और कथित तौर पर पिछले तीन वर्षों से दोनों गुपचुप तरीके से संपर्क में थे। पुलिस का दावा है कि परिवार के दबाव में सिया की सगाई केतन अग्रवाल से हुई थी, जबकि वह चेतन के साथ रिश्ते में थी।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि कथित तौर पर हत्या से एक दिन पहले सिया और चेतन पुणे के एक कैफे में मिले थे। जांच एजेंसियों का मानना है कि इसी मुलाकात के दौरान वारदात की अंतिम योजना बनाई गई होगी। इस पहलू की पुष्टि के लिए पुलिस कैफे के आसपास लगे CCTV फुटेज, मोबाइल लोकेशन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है। रविवार को पुलिस मुख्य आरोपी सिया गोयल को घटनास्थल लेकर पहुंची, जहां सीन रीक्रिएट कर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने का प्रयास किया गया। मामले की जांच जारी है और पुलिस डिजिटल व फोरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।
