राम मंदिर चढ़ावा मामले में सुप्रीम कोर्ट की तत्काल सुनवाई से इनकार, पूछा- इतनी जल्दबाजी किस बात की?

Follow Us

अयोध्या। राम मंदिर चढ़ावा गबन मामले में दायर याचिका पर सोमवार को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हुई। हालांकि सर्वोच्च न्यायालय ने मामले की तत्काल सुनवाई से इनकार करते हुए कहा कि अवकाश समाप्त होने के बाद इसे नियमित प्रक्रिया के तहत सूचीबद्ध किया जाएगा। न्यायमूर्ति एम.एम. सुंदरश और न्यायमूर्ति शील नागू की पीठ के समक्ष याचिकाकर्ता ने मामले की CBI की निगरानी में विशेष जांच दल (SIT) से जांच कराने की मांग करते हुए तत्काल सुनवाई की अपील की। इस पर अदालत ने पूछा, “इस मामले में इतनी जल्दबाजी क्या है?” इसके बाद कोर्ट ने फिलहाल तत्काल सुनवाई से इनकार कर दिया।

याचिकाकर्ता का कहना था कि मामले में लगाए गए आरोप गंभीर हैं और राज्य स्तर पर हो रही जांच को लेकर सवाल उठ रहे हैं। वहीं अदालत ने स्पष्ट किया कि न्यायालय के पुनः खुलने के बाद याचिका पर सुनवाई की जाएगी। गौरतलब है कि राम मंदिर चढ़ावा मामले में पहले ही एफआईआर दर्ज की जा चुकी है। ट्रस्ट सदस्य की शिकायत पर आठ आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है और एसआईटी जांच जारी है। जांच के दौरान कई गिरफ्तारियां और पूछताछ भी हो चुकी है।

इसी मामले के बीच श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और ट्रस्ट सदस्य अनिल मिश्रा अपने पदों से इस्तीफा दे चुके हैं। दोनों के इस्तीफों पर ट्रस्ट की आगामी बैठक में अंतिम निर्णय लिया जाएगा।