नायब सिंह सैनी आज लेंगे मुख्यमंत्री पद की शपथ, 13 मंत्रियों के भी शपथ लेने की संभावना

Follow Us

पंचकूला। हरियाणा विधानसभा चुनाव में प्रचंड जीत के बाद भारतीय जनता पार्टी लगातार तीसरी बार सरकार बनाने जा रही है। कार्यवाहक मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी आज मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह दोपहर 12:30 बजे पंचकूला के शालीमार ग्राउंड में आयोजित होगा, जहां नायब सिंह सैनी दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।

 

समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत भाजपा शासित राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्री एवं उपमुख्यमंत्री शामिल होंगे। कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

शपथ ग्रहण से पहले संभावित मंत्रिमंडल को लेकर भी चर्चाएं तेज हैं। जानकारी के मुताबिक, मुख्यमंत्री सहित कुल 14 सदस्यीय मंत्रिमंडल का गठन हो सकता है, जिसमें 13 कैबिनेट मंत्री शपथ ले सकते हैं। संभावित मंत्रिमंडल में विभिन्न सामाजिक वर्गों को प्रतिनिधित्व देने की कोशिश की गई है।

संभावित कैबिनेट मंत्रियों की सूची:

घनश्याम दास अरोड़ा (खत्री)
अनिल विज (पंजाबी)
कृष्ण पवार (दलित)
कृष्ण कुमार बेदी (दलित)
आरती राव नरबीर (अहीर)
रणबीर सिंह गंगवा (ओबीसी)
विपुल गोयल (बनिया)
मूलचंद शर्मा (ब्राह्मण)
महिपाल ढांडा (जाट)
सुनील सांगवान (जाट)

बुधवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में हुई भाजपा विधायक दल की बैठक में नायब सिंह सैनी को सर्वसम्मति से विधायक दल का नेता चुना गया। इसके बाद उन्होंने राज्यपाल से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया। इस दौरान केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर, केंद्रीय राज्यमंत्री राव इंद्रजीत सिंह, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव समेत भाजपा के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।