रायपुर। मुख्यमंत्री स्लम स्वास्थ्य योजना शहरी गरीब और स्लम बस्तियों में रहने वाले लोगों के लिए प्रभावी स्वास्थ्य सुरक्षा कवच बनकर उभरी है। सूरजपुर जिले की नगर पंचायत जरही में संचालित इस योजना के तहत अब तक 463 स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए गए हैं, जिनके माध्यम से 22,495 मरीजों को निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, उपचार और दवाइयों की सुविधा प्रदान की गई है।
घर के पास स्वास्थ्य सेवाएं मिलने से लोगों का समय और खर्च दोनों बच रहे हैं, वहीं बीमारियों की समय पर पहचान भी सुनिश्चित हो रही है। योजना के तहत प्रत्येक शिविर में औसतन 49 मरीजों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया। इस दौरान 5,635 लैब जांचें की गईं और 19,395 मरीजों को निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं। योजना के अंतर्गत गैर-संचारी रोगों की समय पर पहचान पर विशेष जोर दिया जा रहा है। अब तक 536 लोगों की शुगर जांच में 86 मरीज मधुमेह से प्रभावित पाए गए। वहीं 21,603 लोगों के रक्तचाप परीक्षण में 2,144 मरीज उच्च रक्तचाप और शुगर संबंधी समस्याओं से पीड़ित मिले। सभी चिन्हित मरीजों को आवश्यक उपचार, दवाइयां और चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराया गया।
स्वास्थ्य शिविरों में डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा रक्तचाप जांच, शुगर टेस्ट, स्वास्थ्य परामर्श और आवश्यक दवाइयों का वितरण किया जा रहा है। बस्तियों के समीप स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होने से लोगों को समय पर इलाज मिल रहा है, जिससे गंभीर बीमारियों की रोकथाम और स्वास्थ्य जागरूकता को भी बढ़ावा मिल रहा है। मुख्यमंत्री स्लम स्वास्थ्य योजना शहरी गरीब परिवारों को सुलभ, निःशुल्क और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराते हुए प्रदेश की जनकल्याणकारी स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत बना रही है।
