रायपुर। राजधानी रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब परिवहन के मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 102 बोतल अवैध शराब, एक जुपिटर स्कूटी और मोबाइल फोन सहित कुल 1.19 लाख रुपये से अधिक का सामान जब्त किया गया है। पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आकाश मरकाम और सहायक पुलिस आयुक्त पूर्णिमा लामा के नेतृत्व में अवैध शराब की तस्करी और बिक्री पर कार्रवाई की जा रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि एक युवक टीवीएस जुपिटर (CG04 QX-8381) से मेटल पार्क रावांभाठा की ओर अवैध शराब लेकर जा रहा है।
सूचना के आधार पर खमतराई पुलिस ने ग्रेट इंडिया रोडवेज के सामने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम जितेन्द्र निषाद (22), निवासी नया बेन्द्री, थाना उरला, रायपुर बताया। वाहन की तलाशी लेने पर दो प्लास्टिक की बोरियों में कुल 102 सीलबंद बोतल (180 एमएल) गोल्डन गोवा व्हिस्की बरामद हुई। शराब के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगने पर आरोपी कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 18.360 बल्क लीटर शराब (कीमत 12,240 रुपये), जुपिटर स्कूटी (कीमत लगभग 1 लाख रुपये) और 7 हजार रुपये का मोबाइल फोन जब्त किया। कुल जब्ती की कीमत 1,19,240 रुपये आंकी गई है। आरोपी के खिलाफ थाना खमतराई में आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
