धमतरी। छत्तीसगढ़ शासन और पुलिस मुख्यालय द्वारा पुलिस कर्मियों के कल्याण एवं सामाजिक सुरक्षा के उद्देश्य से विभिन्न राष्ट्रीयकृत बैंकों के साथ सैलरी पैकेज संबंधी एमओयू किए गए हैं। इन समझौतों के तहत पुलिसकर्मियों को बीमा और अन्य वित्तीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं, ताकि आकस्मिक परिस्थितियों में उनके परिवारों को आर्थिक सुरक्षा मिल सके।
इसी क्रम में भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की सैलरी पैकेज बीमा योजना के तहत तीन दिवंगत पुलिसकर्मियों के आश्रितों को बीमा दावा राशि प्रदान की गई। पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार और एसबीआई शाखा प्रबंधक चेतन सिंह ठाकुर की उपस्थिति में आयोजित कार्यक्रम में नामित आश्रितों को चेक सौंपे गए।
कार्यक्रम में जिला दुर्ग में पदस्थ रहे दिवंगत आरक्षक रामेश्वर नेताम की नामिनी डामिन बाई को 1 करोड़ रुपये, दिवंगत आरक्षक कांतू ठाकुर की नामिनी राम बाई ठाकुर को 10 लाख रुपये तथा दिवंगत आरक्षक धनेश देवांगन की नामिनी नेहा देवांगन को 10 लाख रुपये की बीमा राशि प्रदान की गई। इस प्रकार कुल तीन परिवारों को 1 करोड़ 20 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी गई।
इस अवसर पर एसपी सूरज सिंह परिहार ने कहा कि पुलिस विभाग अपने कर्मचारियों के साथ-साथ उनके परिवारों के सुख-दुख में भी सहभागी रहता है। उन्होंने कहा कि यह सहायता केवल आर्थिक सहयोग नहीं, बल्कि पुलिस परिवारों के प्रति विभाग की संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने परिजनों से संवाद कर उन्हें हर संभव सहयोग का भरोसा भी दिलाया।
एसबीआई शाखा प्रबंधक चेतन सिंह ठाकुर ने बताया कि पुलिस कर्मियों के लिए बैंक के सैलरी पैकेज में बीमा सुरक्षा सहित कई महत्वपूर्ण सुविधाएं शामिल हैं। उन्होंने कहा कि बैंक भविष्य में भी पुलिस परिवारों को बेहतर सेवाएं और सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।
