मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री ईशा देओल ने बिजनेसमैन भरत तख्तानी से अलग होने के बाद पहली बार अपनी निजी जिंदगी और प्यार को लेकर खुलकर बात की है। एक हालिया पॉडकास्ट में ईशा ने कहा कि उन्हें अपनी जिंदगी में प्यार और रोमांस की कमी महसूस होती है, लेकिन उन्हें विश्वास है कि भविष्य में उन्हें फिर से प्यार जरूर मिलेगा। ईशा देओल ने कहा, “मुझे लगता है कि प्यार और रोमांस किसी भी इंसान की जिंदगी की सबसे जरूरी चीजों में से हैं। फिलहाल मुझे इसकी कमी महसूस होती है। मैं दिल से रोमांटिक इंसान हूं। मुझे रोमांटिक फिल्में, गाने और लव स्टोरीज़ बेहद पसंद हैं।”
जब उनसे पूछा गया कि शादी टूटने और रिश्तों में आए उतार-चढ़ाव के बाद क्या प्यार को लेकर उनकी सोच बदली है, तो उन्होंने साफ कहा कि ऐसा बिल्कुल नहीं है। ईशा ने कहा, “ब्रेकअप जिंदगी का हिस्सा हैं। पहले भी रिश्ते रहे और उनका अंत हुआ, लेकिन इससे प्यार पर मेरा भरोसा नहीं बदला। हम सभी ने हेमा मालिनी और धर्मेंद्र के रिश्ते में बिना शर्त प्यार देखा है और उसी माहौल में बड़े हुए हैं।”
ईशा ने यह भी कहा कि किसी रिश्ते का टूटना बेहद निजी और संवेदनशील मामला होता है, खासकर तब जब बच्चे भी उससे जुड़े हों। उन्होंने बताया कि वह कभी नहीं चाहती थीं कि उनके अलग होने की खबर सुर्खियां बने, लेकिन सार्वजनिक जीवन का हिस्सा होने के कारण उन्हें और भरत तख्तानी को इस स्थिति को गरिमा और समझदारी के साथ संभालना पड़ा। ईशा देओल और भरत तख्तानी ने साल 2024 में अपने अलग होने की घोषणा की थी। दोनों की दो बेटियां हैं और अलग होने के बाद भी दोनों बच्चों की परवरिश को प्राथमिकता दे रहे हैं।
