लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा, डबल डेकर बस ट्रक से टकराई; 2 की मौत, 30 घायल

Follow Us

फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में शुक्रवार को लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। नंगला खंगर थाना क्षेत्र में यात्रियों से भरी एक तेज रफ्तार डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बस से बाहर निकाला गया और एंबुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया। हादसे में करीब 30 लोग घायल हुए हैं, जबकि इलाज के दौरान दो यात्रियों की मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार, बस में 60 से अधिक यात्री सवार थे। सभी घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है, जबकि मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और बस के अनियंत्रित होने को हादसे का कारण माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।