ढाका। भारत ने लगभग दो साल बाद बांग्लादेशी नागरिकों के लिए पर्यटन वीजा (टूरिस्ट वीजा) सेवा दोबारा शुरू करने का फैसला किया है। भारतीय उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी ने घोषणा की कि 28 जून 2026 से बांग्लादेश के नागरिक सामान्य प्रक्रिया के तहत टूरिस्ट वीजा के लिए आवेदन कर सकेंगे। शुरुआती चरण में यह सुविधा ढाका, राजशाही, चिटगांव, सिलहट और खुलना स्थित पांच प्रमुख भारतीय वीजा आवेदन केंद्रों पर उपलब्ध होगी। ढाका में पदभार संभालने के बाद भारतीय उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी ने कहा कि भारत और बांग्लादेश के बीच लोगों के आपसी संपर्क को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पर्यटन वीजा सेवा फिर से शुरू की जा रही है। उन्होंने बताया कि 28 जून से नागरिक नियमित प्रक्रिया के तहत आवेदन कर सकेंगे।
76 वर्षीय भाजपा नेता दिनेश त्रिवेदी ने हाल ही में बांग्लादेश के राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन को अपना परिचय-पत्र (क्रेडेंशियल) सौंपकर आधिकारिक रूप से अपना कार्यभार संभाला। इस दौरान उन्हें प्रेसिडेंट गार्ड रेजिमेंट की ओर से गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया। गौरतलब है कि अगस्त 2024 में सुरक्षा चिंताओं और बांग्लादेश में भारतीय प्रतिष्ठानों पर हुए हमलों के बाद भारत ने बांग्लादेशी नागरिकों के लिए पर्यटन वीजा जारी करना अस्थायी रूप से बंद कर दिया था। इस फैसले का असर भारत के पर्यटन क्षेत्र पर भी पड़ा था, क्योंकि भारत आने वाले विदेशी पर्यटकों में बांग्लादेशी नागरिकों की संख्या सबसे अधिक रही है।
उच्चायुक्त त्रिवेदी ने यह भी स्पष्ट किया कि भारत पहले की तरह मेडिकल वीजा और मानवीय आधार पर आवश्यक मामलों में वीजा सुविधा जारी रखेगा। अब टूरिस्ट वीजा सेवा बहाल होने से दोनों देशों के बीच पर्यटन, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और लोगों के आपसी संपर्क को नई गति मिलने की उम्मीद है।
