नई दिल्ली। भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित ट्रेड डील को लेकर किसानों की चिंता बढ़ती जा रही है। इसी मुद्दे पर संयुक्त किसान मोर्चा (गैर-राजनीतिक) ने राजधानी दिल्ली के जंतर मंतर पर सांकेतिक धरना देकर अपना विरोध दर्ज कराया। किसान नेताओं का कहना है कि, यदि समझौते के तहत कृषि, डेयरी और पोल्ट्री उत्पादों का आयात बढ़ता है, तो इसका सीधा असर देश के छोटे किसानों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर पड़ सकता है। उन्होंने सरकार से मांग की कि किसी भी बड़े व्यापारिक फैसले से पहले किसानों के हितों को प्राथमिकता दी जाए।
किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल ने कहा कि संगठन इस समझौते को लेकर अपनी चिंताएं सरकार तक पहुंचाना चाहता है। उन्होंने चेतावनी दी कि, यदि किसानों की मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो देशभर में बड़ा आंदोलन किया जा सकता है। किसानों का कहना है कि, विदेशी उत्पादों की बढ़ती पहुंच से घरेलू बाजार में प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी और किसानों को उचित मूल्य मिलने में मुश्किल हो सकती है। अब इस मुद्दे पर सरकार और किसान संगठनों के बीच बातचीत पर सभी की नजरें टिकी हैं।
