इस्लामाबाद। सिंधु जल संधि को लेकर भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ता नजर आ रहा है। पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने बयान दिया है कि, यदि पाकिस्तान की जल सुरक्षा को खतरा महसूस हुआ तो वह भारत के खिलाफ कड़े कदम उठा सकता है। उन्होंने पानी को देश की राष्ट्रीय सुरक्षा से जोड़ते हुए सैन्य कार्रवाई तक की बात कही। आसिफ ने कहा कि, यदि भारत की ओर से जल आपूर्ति प्रभावित करने के ठोस प्रमाण मिलते हैं, तो पाकिस्तान इस मुद्दे पर गंभीर फैसला ले सकता है। उनके बयान के बाद दोनों देशों के बीच कूटनीतिक तनाव बढ़ने के संकेत मिले हैं।
यह विवाद उस समय सामने आया है जब भारत में सिंधु नदी के जल प्रबंधन को लेकर नए दावे और चर्चाएं तेज हुई हैं। वहीं, पाकिस्तान ने इस मामले को अंतरराष्ट्रीय मंचों पर उठाने की कोशिश की है। सिंधु जल संधि के तहत नदी बेसिन के पानी का बड़ा हिस्सा पाकिस्तान को मिलता है। भारत का कहना है कि, सीमा पार आतंकवाद के मुद्दे पर स्थिति सामान्य होने तक संधि की समीक्षा जारी रहेगी। अब दोनों देशों के अगले कदमों पर अंतरराष्ट्रीय समुदाय की नजर बनी हुई है।
