शराब के पैसे न मिलने पर युवक का कान काटा, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

Follow Us

बिलासपुर। जिले के मल्हार क्षेत्र में शादी समारोह के दौरान शराब के लिए पैसे नहीं देने पर एक युवक पर हमला कर उसका कान दांत से काटने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया। पुलिस के अनुसार, धनगवां निवासी 26 वर्षीय मनिकेश पाटले ने शिकायत दर्ज कराई कि 20 जून 2026 को एक विवाह समारोह में किसान परसदा निवासी 43 वर्षीय मोहित कुर्रे ने उससे शराब पीने के लिए पैसे मांगे। मना करने पर दोनों के बीच विवाद हो गया, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया।

आरोप है कि गुस्से में मोहित कुर्रे ने मनिकेश पर हमला कर उसके कान को दांत से काट लिया, जिससे कान गंभीर रूप से घायल होकर शरीर से अलग हो गया। घटना के बाद समारोह में अफरा-तफरी मच गई। शिकायत मिलने के बाद मल्हार पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और तकनीकी जानकारी व स्थानीय सूत्रों की मदद से आरोपी को ग्राम धनगवां से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस ने कहा कि मामले की विस्तृत जांच जारी है। वहीं इस घटना ने सामाजिक आयोजनों में नशे से जुड़े विवादों और बढ़ती हिंसा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। प्रशासन ने लोगों से किसी भी विवाद की स्थिति में कानून हाथ में न लेने और तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की है।