एर्नाकुलम। केरल के एर्नाकुलम जिले के वाइपिन इलाके में रविवार तड़के एक मेंटेनेंस यार्ड में खड़े जहाज में अचानक आग लग गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेज थी कि जहाज का ऊपरी हिस्सा पूरी तरह जल गया और धुएं का बड़ा गुबार दूर तक दिखाई देने लगा।
जानकारी के मुताबिक, जहाज सर्विसिंग के लिए यार्ड में खड़ा था, तभी सुबह करीब 3 बजे उसके ऊपरी डेक पर आग भड़क उठी। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की संभावित वजह माना जा रहा है। देखते ही देखते आग जहाज के दूसरे हिस्सों तक फैल गई। सूचना मिलते ही फायर एंड रेस्क्यू टीम की कई यूनिट मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। जहाज में केमिकल और पेट्रोलियम से जुड़े पदार्थ मौजूद होने के कारण राहत कार्य में काफी सावधानी बरतनी पड़ी।
अधिकारियों ने बताया कि आग को दूसरे जहाजों तक फैलने से रोक लिया गया है। गनीमत रही कि, हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है और सभी क्रू सदस्य सुरक्षित बताए जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस, कोस्ट गार्ड और अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर मौजूद हैं। आग बुझने के बाद नुकसान का आकलन किया जाएगा और घटना के वास्तविक कारणों की विस्तृत जांच शुरू होगी।
