नारकोटिक एक्ट के मामले में फरार मुख्य आरोपी और महिला गिरफ्तार

Follow Us

रायपुर। एण्टी नारकोटिक टॉस्क फोर्स (ANTF) से प्राप्त सूचना के आधार पर एण्टी नारकोटिक टॉस्क फोर्स, एण्टी क्राइम एण्ड साइबर यूनिट एवं थाना पुरानी बस्ती पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा थाना पुरानी बस्ती क्षेत्रांतर्गत भाठागांव-खुड़मुड़ा रोड पर नाकेबंदी की गई। सूचना प्राप्त हुई थी कि अभनपुर की ओर से एक सफेद रंग की मारुति स्विफ्ट कार क्रमांक सीजी 04 एचई 5555 में अवैध रूप से मादक पदार्थ गांजा का परिवहन किया जा रहा है।

नाकेबंदी के दौरान उक्त वाहन को रोकने का प्रयास किया गया, किन्तु चालक द्वारा वाहन को तेज गति से आगे बढ़ा दिया गया। पुलिस बल को देखकर वाहन चालक एवं उसके साथ मौजूद एक अन्य व्यक्ति कार को सड़क किनारे छोड़कर अंधेरे का लाभ उठाते हुए फरार हो गए।

पुलिस टीम द्वारा उनका पीछा कर तलाश की गई, किन्तु दोनों आरोपी मौके से फरार हो गये। वाहन की तलाशी लेने पर डिक्की में रखी दो प्लास्टिक बोरियों से अलग – अलग पैकटों में गांजा, दो मोबाइल फोन, बीमा संबंधी दस्तावेज, आधार कार्ड, अन्य दस्तावेज तथा एक प्लास्टिक जरीकेन में भरा डीजल होना पाया गया।

जिस पर कुल 21.173 किलोग्राम मादक पदार्थ गांजा कीमती लगभग 2,11,730 रुपये, गांजा तस्करी में प्रयुक्त मारुति स्विफ्ट कार क्रमांक सीजी 04 एचई 5555, 02 नग मोबाईल फोन एवं 05 लीटर डीजल जुमला कीमती 12,79,000/- रूपये जप्त कर आरोपियों के विरूद्ध थाना पुरानी बस्ती में अपराध क्रमांक 204/26 धारा 20(बी) नारकोटिक एक्ट का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में संयुक्त टीम द्वारा फरार आरोपियों की लगातार पतासाजी की जा रही थी। इस दौरान प्रकरण से संबंधित दस्तावेजों का सूक्ष्म अवलोकन एवं तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया गया। विवेचना के दौरान टीम को घटना में संलिप्त आरोपी शिवम सोनी एवं काजल साहू की उपस्थिति के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई। प्राप्त सूचना के आधार पर दोनों आरोपियों की तलाश कर उन्हें गिरफ्तार किया गया।

आरोपी शिवम सोनी के विरुद्ध थाना न्यू राजेन्द्र नगर में अपराध क्रमांक 56/2026, धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध है। उक्त प्रकरण में दिनांक 07.02.2026 को थाना न्यू राजेन्द्र नगर पुलिस की टीम द्वारा थाना क्षेत्रांतर्गत लालपुर ओवरब्रिज के नीचे, केनाल रोड स्थित कुष्ठरोग अस्पताल के पास कार में सवार आरोपियों की घेराबंदी कर कार्यवाही की गई थी। कार्यवाही के दौरान आरोपी शिवम सोनी मौका पाकर कार से उतरकर फरार हो गया था तथा प्रकरण में आरोपी हिमांशु केशरवानी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 20.300 किलोग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 2,05,000 रुपये, घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार क्रमांक सीजी 04 एमटी 1518, कीमती लगभग 5,00,000 रुपये, तथा वीवो कंपनी के दो मोबाइल फोन, कीमती लगभग 50,000 रुपये, जुमला कीमती लगभग 7,55,000 रुपये जप्त किए गए थे। प्रकरण में आरोपी शिवम सोनी घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था। इस प्रकरण में भी आरोपी शिवम सोनी की गिरफ्तारी की जा रहीं है।

गिरफ्तार आरोपी
01. शिवम सोनी पिता रवि सोनी उम्र 24 साल निवासी ग्राम मलाक सद्दी थाना मंझनपुर जिला कौशाम्बी उत्तर प्रदेश। हाल पता – बिन्दा बाई सोनकर स्कूल के सामने गली अश्वनी नगर थाना पुरानी बस्ती जिला रायपुर।

02. काजल साहू पति राकेश साहू उम्र 28 साल निवासी ग्राम सेंध थाना मन्दिर हसौद जिला रायपुर। हाल पता – हाउसिंग बोर्ड कालोनी रिको नया रायपुर थाना मन्दिर हसौद जिला रायपुर।